कोचिंग से लौटते भाई-बहन पर हमला… सिर पर ईंट से वार, गांव में फैला खौफ

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में कोचिंग से लौट रहे भाई-बहन पर गांव के कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सिर पर ईंट से वार में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के ग्राम गौरखास में उस समय हड़कंप मच गया जब कोचिंग से घर लौट रहे एक भाई-बहन पर कथित रूप से कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना में दोनों घायल हो गए, जबकि युवक के सिर पर ईंट से किए गए वार से उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

रास्ते में रोका गया, फिर बढ़ा विवाद

पीड़ित पक्ष के अनुसार, रामवृक्ष पुत्र स्वर्गीय जगन ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके नाती अमन और नतनी अल्का सुबह कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।

मारपीट में दोनों भाई-बहन घायल

आरोप है कि मनीष, दीपक, सोनू सहित अन्य लोगों ने मिलकर दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अमन के सिर पर ईंट से हमला किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। भाई को बचाने पहुंची अल्का को भी कथित रूप से पीटा गया, जिससे वह भी घायल हो गई।

घटना के बाद मौके पर पहुंची भीड़

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि डायल-112 टीम के जाने के बाद आरोपितों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

Video: मिर्जापुर के जंगल में मिली मासूम बच्ची की लाश, जांच के लिए पुलिस ने बनाई 5 टीमें, देखें पूरी रिपोर्ट

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में थाना गोला में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2) और 351(3) के तहत केस दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है। गांव में हुई इस हिंसक घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 June 2026, 3:08 PM IST

Advertisement