
पुलिस ने शराब के नशे में उत्पात मचाने वाले 29 लोगों को दबोचा (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर दीपावली के पावन पर्व पर खुशियों और उल्लास के माहौल में खलल डालने तथा शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ गोला पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शराब के नशे में उत्पात मचाने, पटाखे बजाने को लेकर विवाद करने और मारपीट कर माहौल खराब करने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ शांति भंग की आशंका के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को दीपावली के दिन गोला थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कुछ लोगों द्वारा शराब के नशे में हंगामा करने और पटाखे जलाने को लेकर विवाद करने की शिकायतें सामने आई थीं। कुछ स्थानों पर विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। इससे त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी। स्थानीय स्तर पर मिली शिकायतों और सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए गोला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
ये भी पढ़ें: Gorakhpur: गोरखपुर में पटाखा जलाने को लेकर खूनी संघर्ष, लोहे की रॉड से हमला; 6 गिरफ्तार
गोला थाना के प्रभारी निरीक्षक सीपी पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग गांवों में कार्रवाई करते हुए उपद्रव और मारपीट में शामिल 29 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए सोमवार देर शाम चालान कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक सीपी पांडेय ने बताया कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता थी। त्योहार के दौरान शराब के नशे में हंगामा करने, पटाखे को लेकर विवाद बढ़ाने और मारपीट कर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार सभी 29 आरोपितों को उपजिलाधिकारी गोला के न्यायालय में पेश किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। सार्वजनिक शांति में बाधा डालने, आपसी विवाद को बढ़ावा देने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से त्योहार के दौरान हुड़दंग और उपद्रव करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
Location : Gorakhpur
Published : 9 November 2026, 7:22 PM IST
Topics : Diwali Hupradang Gorakhpur Gola Police Station Gorakhpur police action Gorakhpur crime news Gorakhpur News