गोरखपुर में PAC वाहन का कहर, रॉन्ग साइड से आकर दो सगे दोस्तों को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ में रॉन्ग साइड से आ रहे पीएसी (PAC) वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम और उग्र प्रदर्शन किया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 June 2026, 1:13 PM IST

Gorakhpur : गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नौसड़ क्षेत्र के बहरामपुर दक्षिणी गांव के पास रॉन्ग साइड से आ रहे पीएसी वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया और आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते करीब दो घंटे तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।

वाहन की चपेट में आई बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब छह बजे की है। बताया जा रहा है कि पीएसी का वाहन गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

Gorakhpur Accident: रॉन्ग साइड से आए पीएसी वाहन का कहर: दो युवकों की दर्दनाक मौत, सड़क पर फूटा गुस्सा

मृतक की हुई पहचान

मृतकों की पहचान राज निषाद (18) पुत्र रामधारी निवासी चकरा अव्वल, थाना राजघाट तथा अमित निषाद (19) पुत्र महेंद्र निवासी बहरामपुर दक्षिणी, थाना गीडा के रूप में हुई है। दोनों युवक किसी कार्य से गोरखपुर-राजघाट पुल की ओर से नौसड़ की तरफ जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

वाहन चालक की लापरवाही पड़ी भारी

घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि पीएसी वाहन चालक की लापरवाही के कारण दो युवाओं की जान गई है। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

Firing in Gorakhpur: पारिवारिक विवाद में खूनी जंग, भाई ने भाई को मारी गोली, गोरखपुर में हड़ंकप

मौके पर पहुंची पुलिस

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और धरना समाप्त किया।

करीब दो घंटे बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सरकारी वाहनों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  gorakhpur

Published :  12 June 2026, 1:13 PM IST