
गोरखपुर में गैंगस्टर पर बड़ा प्रहार
Gorkhpur : संगठित अपराध और गैंगस्टर एक्ट के तहत चिन्हित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गैंगस्टर की करीब 10 लाख रुपये मूल्य की चारपहिया वाहन जब्त कर ली है। यह कार्रवाई अपराध से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार, जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण तथा हरपुर बुदहट थाना पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। जब्त की गई संपत्ति गैंगस्टर अभियुक्त मनोज यादव पुत्र अरविंद यादव निवासी भेउसा, थाना हरपुर बुदहट की बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अभियुक्त द्वारा संगठित रूप से आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों के माध्यम से अवैध संपत्ति अर्जित की गई थी। इसी आधार पर थाना गीडा में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में जांच के बाद वाहन को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।
अभियुक्त मनोज यादव के खिलाफ गीडा, हरपुर बुदहट और खजनी थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अलावा आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, धमकी और शांति भंग से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2024 और 2025 में विभिन्न धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार की अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे संगठित अपराध में संलिप्त लोगों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक सुमित कुमार, कांस्टेबल धनीराम तथा कांस्टेबल जितेंद्र यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : gorakhpur
Published : 10 June 2026, 7:35 PM IST