गोरखपुर में गणेश चतुर्थी पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, 292 जगहों पर होगी खास नजर

गोरखपुर में गणेश चतुर्थी को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है। शहर से लेकर गांवों तक 292 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित होंगी, ऐसे में पुलिस की नजर जुलूस से लेकर विसर्जन तक हर गतिविधि पर रहेगी।

Gorakhpur: गणेश चतुर्थी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस लाइन में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में पीस कमेटी और संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रतिमा स्थापना स्थलों, जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि इस बार शहरी क्षेत्र में करीब 160 और ग्रामीण क्षेत्रों में 132 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। बड़ी संख्या में प्रतिमाओं की स्थापना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने दिया निर्देश

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने थाना वार पीस कमेटी के सदस्यों से संवाद कर स्थानीय समस्याएं और सुझाव जाने। उन्होंने कहा कि पर्व से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी पहले से प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।

प्रतिमा स्थापना स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, बिजली के तारों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि गणेश चतुर्थी आस्था और श्रद्धा का पर्व है। सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जुलूस और शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग व समय का पालन कराया जाएगा। बिना अनुमति किसी नए कार्यक्रम या मार्ग परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।

फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डराता था! गोरखपुर में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे दबोचा

सोशल मीडिया पर निगरानी

उन्होंने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। अफवाह, भ्रामक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे तथा आयोजन समितियों के संपर्क में रहेंगे। विवाद की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर संवाद के माध्यम से समाधान कराया जाएगा।

गोरखपुर में शादी का वादा कर शुरू हुई कहानी, फिर सामने आया ऐसा आरोप कि पुलिस ने उठाया बड़ा कदम

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटील, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे ।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 September 2026, 11:35 PM IST

Advertisement