Gorakhpur Fire: भलोटिया मार्केट की थोक दवा दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

गोरखपुर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र भलोटिया मार्केट में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वेदिका ट्रेडर्स नामक थोक दवा की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 5 June 2026, 8:34 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र भलोटिया मार्केट में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वेदिका ट्रेडर्स नामक थोक दवा की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी और देखते ही देखते दुकान में रखा सामान आग की चपेट में आ गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग की घटनाएं पहले भी बड़े नुकसान का कारण बन चुकी हैं।

मौके पर पहुंची डाइनामाइट न्यूज़ की टीम से बात करते हुए दुकान के मालिक अनुज अग्रवाल ने बताया कि आग लगने से उनकी दुकान में रखा भारी मात्रा में दवाइयों का स्टॉक, फर्नीचर एवं अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। उनके अनुसार इस हादसे में लगभग 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर समय रहते काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल रहा। व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच कराने और अग्निशमन संसाधनों को और सुदृढ़ करने की मांग की है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 June 2026, 8:34 PM IST