हिंदी
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद स्थित रजही चौराहे पर बिजली के करंट की चपेट में आने से तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। बुधवार को हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद विसर्जन जुलूस में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, जंगल अयोध्या प्रसाद में स्थापित दुर्गा प्रतिमा को बुधवार को ट्रैक्टर-ट्राली से विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। प्रतिमा के साथ कई श्रद्धालु ट्राली पर सवार थे। इसी दौरान रजही चौराहे पर प्रतिमा में लगा लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही ट्राली पर करंट फैल गया और वहां मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।
ये भी पढ़ें- खाना लेकर छत पर पहुंची रिश्तेदार की बेटी और उड़ गए होश! महराजगंज में 12 साल के किशोर की मौत से सहमा हर दिल
बताया जा रहा है कि विसर्जन जुलूस को देखते हुए बिजली निगम ने एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर रखी थी। इसी बीच आपूर्ति शुरू होने के दौरान लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट फैलते ही ट्राली पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही पलों में उत्सव का माहौल चीखों और अफरा-तफरी में बदल गया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात श्रद्धालु बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ये भी पढ़ें- हीरागंज बाजार में कपड़े की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान खाक, मची अफरा-तफरी
घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम, क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा और गुलरिहा थाना प्रभारी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। घटना के बाद बिजली आपूर्ति और विसर्जन जुलूस के दौरान बरती गई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 21 October 2026, 6:57 PM IST