
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: गोरखपुर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन परिसर, बस स्टैंड तथा नगर निगम की ओर से संचालित रैन बसेरों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा के दौरान बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और ठहरने की व्यवस्थाओं का जायजा लेना रहा। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर परीक्षार्थियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए गोरखपुर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आखिर क्या थी ऐसी मजबूरी? देवरिया में 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस खंगाल रही सुराग
डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ कौस्तुभ् ने नगर निगम के रैन बसेरों का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। परीक्षा के सिलसिले में दूसरे जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों को ठहरने के लिए उचित सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों की जरूरतों को गंभीरता से लेते हुए उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें आवश्यक जानकारी व सहायता उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर मौजूद परीक्षार्थियों से सीधे बातचीत भी की। अधिकारियों ने उनकी यात्रा और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन और पुलिस उनकी हरसंभव सहायता के लिए तत्पर हैं। अधिकारियों के इस संवाद का उद्देश्य अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाना और परीक्षा के दौरान बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना रहा।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण से स्पष्ट है कि PET-2026 को लेकर व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट, क्षेत्राधिकारी अपराध, प्रभारी निरीक्षक कैंट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : गोरखपुर
Published : 24 October 2026, 8:46 PM IST
Topics : DM Gorakhpur News UP News