Gorakhpur: रात के अंधेरे में आखिर क्या करने निकला था शख्स? पुलिस की नजर पड़ते ही सामने आया चौंकाने वाला सच

गोरखपुर में रामगढ़ताल पुलिस और एंटीथेफ्ट सेल ने मुठभेड़ के दौरान चोरी और नकबजनी में वांछित मो. शहजादे को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी के आभूषण, 10 हजार रुपये, मोटरसाइकिल और तमंचा-कारतूस बरामद किए। आरोपी पर गोरखपुर और संतकबीरनगर में 25 मुकदमे दर्ज हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 25 August 2026, 9:37 AM IST

Gorakhpur: रामगढ़ताल थाना पुलिस और एंटीथेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने चोरी और नकबजनी की वारदातों में वांछित एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान तुर्कमानपुर नई मस्जिद निवासी मो. शहजादे पुत्र स्व. अजीजुल हक के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण, 10 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और देशी तमंचा-कारतूस बरामद हुए हैं।

घर में ताला तोड़कर की थी चोरी

पुलिस के अनुसार रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को चोरी की वारदात हुई थी। पीड़ित के गांव जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और अंदर रखी आलमारी से आभूषण और नकदी चोरी कर ली।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रामगढ़ताल पुलिस और एंटीथेफ्ट सेल की टीम ने संदिग्ध की तलाश शुरू की। घेराबंदी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई।

इसी कार्रवाई में पुलिस ने मो. शहजादे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई।

Sultanpur: गोमती तट से गूंजा ‘बोल बम’, 32 KM पैदल निकले हजारों कांवरिये; रास्ते में दिखा आस्था का अद्भुत नजारा

आभूषण से लेकर तमंचा-कारतूस तक बरामद

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से चार कंगन, एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र और गले का हार बरामद हुआ। इसके अलावा 10 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। साथ ही हथियार बरामद होने के संबंध में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में सामने आए दो और नाम

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने साथी नियाज अहमद निवासी जमुनहिया बाग और एक अन्य अज्ञात साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

Ayodhya News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में नया ट्विस्ट! जून से पहले भी उठे थे सवाल, डायरी ने खोले पुराने राज

आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब उसके दोनों कथित साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और जांच के दौरान चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।

25 मुकदमों का सामने आया आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मो. शहजादे का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ गोरखपुर और संतकबीरनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य साथियों और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  25 August 2026, 9:37 AM IST