गोरखपुर ने स्वच्छता में रचा इतिहास, देश में चौथा और प्रदेश में पहला स्थान हासिल

स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में गोरखपुर ने तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों में देश में चौथा और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 July 2025, 9:46 AM IST
google-preferred

Gorakhpur: स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में नगर निगम गोरखपुर ने ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों में देशभर में चौथा और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस वर्ष गोरखपुर ने 12500 में से 11278 अंक (90.22 प्रतिशत) अर्जित कर 2023 की तुलना में बड़ी छलांग लगाई है। पिछले वर्ष नगर निगम ने 9500 में से 6403 अंक (67.40 प्रतिशत) प्राप्त किए थे, जबकि इस बार 4875 अंकों की रिकॉर्ड वृद्धि हुई है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, रिपोर्ट में मिली जानकारी में राष्ट्रीय स्तर पर एक से दस लाख की श्रेणी में गोरखपुर 101 शहरों में चौथे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि 2023 में इसका स्थान 74वां था। प्रदेश में 3-10 लाख आबादी की श्रेणी में गोरखपुर ने पहला स्थान प्राप्त कर स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

शहर को मिली तीन महत्वपूर्ण उपल्बिधियां

इस उपलब्धि के साथ नगर निगम गोरखपुर ने तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धियां भी हासिल की हैं। पहली, गारबेज फ्री सिटी (कचरा मुक्त शहर) में गोरखपुर को 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है, जो ठोस कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी में सुधार का प्रमाण है। दूसरी उपलब्धि के रूप में गोरखपुर को Water+ सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शहर ने अपशिष्ट जल के सुरक्षित निस्तारण और पुन: उपयोग के राष्ट्रीय मानकों का पालन किया है। तीसरी उपलब्धि के रूप में गोरखपुर ने “सफाईमित्र सुरक्षित शहर” के राष्ट्रीय मूल्यांकन में देशभर में तीसरी रैंक हासिल की है।

महापौर और नगर आयुक्त ने दी बधाई

इस ऐतिहासिक सफलता पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने गोरखपुरवासियों, पार्षदगण और नगर निगम की टीम को बधाई दी है। वहीं, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा (नोडल अधिकारी, SBM-U) ने बताया कि शहर में प्रोसेसिंग प्लांट्स की स्थापना कर कचरे के बेहतर निस्तारण की दिशा में काम जारी है ताकि भविष्य में और भी बेहतर रैंक प्राप्त की जा सके।

अपना कूड़ा, अपनी जिम्मेदारी

नगर निगम ने गोरखपुरवासियों से “अपना कूड़ा, अपनी जिम्मेदारी” के सिद्धांत को अपनाने की अपील करते हुए गोरखपुर को स्वच्छ, सुंदर और सम्मानित महानगर बनाने में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया है। यह सफलता नगर निगम की ठोस रणनीति, टीमवर्क और जनता की जागरूकता का परिणाम है, जिसने गोरखपुर को स्वच्छता की दिशा में देश के अग्रणी शहरों की सूची में शामिल कर गर्व का अवसर प्रदान किया है।

Location : 

Published :