
गोरखपुर को मिलेगा लाखों पौधों का कवच (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में हरित क्रांति को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भगवानपुर टोल प्लाजा स्थित लिंक एक्सप्रेसवे परिसर में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं बरगद, पीपल और नीम के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, परिवार और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो उत्तर प्रदेश पर्यावरण संरक्षण की दिशा में देश के लिए मिसाल बन सकता है।
ये भी पढ़ें - AIIMS Gorakhpur में शुरू हुई नई सुविधा, अब इन गंभीर बीमारियों का होगा बेहतर इलाज
मुख्यमंत्री ने पौधारोपण के बाद लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा और निगरानी भी सुनिश्चित की जाए ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण को समृद्ध बना सकें।
कार्यक्रम में सैनिक स्कूल के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट और स्काउट्स-गाइड के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया और "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत उनके साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे पर्यावरण बचाने के इस अभियान के सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर बनें और समाज में जागरूकता फैलाएं।
जनपद गोरखपुर में इस वर्ष 55 लाख 28 हजार 600 पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए वन विभाग के साथ ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, नगर विकास, कृषि और अन्य विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।
ये भी पढ़ें - Gorakhpur: आखिर कैसे खाताधारकों की आंखों में धूल झोंक रहा था ये ठग? डाकघर ठगी मामले में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
इस अवसर पर एडीजी जोन, डीआईजी रेंज, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में हरियाली, जनसहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।
Location : Gorakhpur
Published : 12 July 2026, 3:25 PM IST