
गोरखपुर में रोड रेज की घटना
Gorakhpur: जिले के गीडा थाना क्षेत्र नगवा गांव में वाहन को पास देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने चार पहिया वाहन को क्षतिग्रस्त करने के बाद उसमें आग लगा दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास और आगजनी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर रात करीब 10:15 बजे की है। गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम नगवा में वाहन को रास्ता देने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष ने न केवल हमला किया बल्कि एक चार पहिया वाहन को क्षतिग्रस्त कर उसमें आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर गीडा थाने में मु0अ0सं0 235/2026 के तहत हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आगजनी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद कपिल सिंह पुत्र राम प्रसाद सिंह और विशाल सिंह पुत्र गिरजाशंकर सिंह, निवासी ग्राम नगवा थाना गीडा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के अलावा उपनिरीक्षक योगेश यादव, विकास मिश्रा, हरिशंकर यादव तथा कांस्टेबल अंकित कुमार और पिंटू कुमार शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और हालात पर नजर बनाए हुए है। मामूली विवाद से शुरू हुई यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Location : Gorakhpur
Published : 26 May 2026, 4:31 AM IST