बलिया में प्यार का हाईवोल्टेज ड्रामा: शादी को लेकर टावर पर चढ़ी युवती, बॉयफ्रेंड ने तोड़ा वादा

बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवती एयरटेल टावर पर चढ़ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पूछताछ में प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार की बात सामने आई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 April 2026, 4:34 AM IST

Ballia: थाना सुखपुरा क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती कस्बे में स्थित एयरटेल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और हर कोई इस नज़ारे को देखकर दहशत में आ गया। नीचे खड़े लोगों की नजरें टावर पर टिकी रहीं और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही सुखपुरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात को संभालते हुए सबसे पहले भीड़ को नियंत्रित किया और फिर युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाने और धैर्य के साथ बातचीत करने के बाद पुलिस टीम युवती को टावर से नीचे उतारने में सफल रही। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रेम प्रसंग बना पूरे मामले की वजह

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि उसका एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर उसने गुस्से और मानसिक तनाव में यह कदम उठा लिया। घटना के बाद इलाके में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

दोनों परिवारों को बुलाकर कराई जा रही बातचीत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दोनों पक्षों के परिजनों को थाने पर बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवारों के बीच बातचीत कराई जा रही है ताकि विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके। पुलिस का प्रयास है कि मामला बिना किसी और तनाव के समझदारी से निपट जाए।

पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की समझदारी और फुर्ती से एक बड़ी अनहोनी टल गई। जिससे स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली।

Location :  Ballia

Published :  8 April 2026, 4:34 AM IST