हिंदी
गाजियबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात डकैत
गाजियाबाद: जिले की थाना कविनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है, जो वर्ष 2023 में हुई एक बड़ी डकैती में वांछित था। उस डकैती में करीब 1.5 करोड़ रुपये की लूट हुई थी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, कविनगर पुलिस टीम एसीपी भाष्कर वर्मा के नेतृत्व में डायमंड चौराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को आते देखा गया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। तेज़ रफ्तार में भागती गाड़ी कुछ दूरी पर पेड़ से टकरा गई।
पुलिस पर की फायरिंग
गाड़ी से एक आरोपी उतरकर भागा और पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायल अवस्था में आरोपी को पकड़कर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अवैध हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 15 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी जितेंद्र वर्ष 2023 की डेढ़ करोड़ रुपये की डकैती का मुख्य आरोपी है। तभी से फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस का बयान
एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस टीम की सतर्कता और मुस्तैदी से एक खतरनाक अपराधी को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे ही बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Location : Ghaziabad
Published : 30 June 2025, 12:24 PM IST
Topics : Dynamite News encounter Ghaziabad police क्राइम