गोरखपुर में गैस संकट गहराया, जनता परेशान; कांग्रेस ने जांच की उठाई मांग

गोरखपुर के खजनी क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गैस एजेंसियों पर कालाबाजारी और तय कोटे से कम वितरण के आरोप लगे हैं। कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

Gorakhpur: गोरखपुर में रसोई गैस का खेल अब सिर्फ सप्लाई का मुद्दा नहीं रह गया, बल्कि इसमें कालाबाजारी, बिचौलियों और खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाने जैसे गंभीर आरोप जुड़ गए हैं। हालात ऐसे बताए जा रहे हैं कि आम आदमी लाइन में खड़ा रह जाए और सिलेंडर गायब हो जाए, लेकिन वही सिलेंडर कुछ लोगों को मोटी रकम देकर आसानी से मिल जाए।

खजनी तहसील में उठा बड़ा मुद्दा

गोरखपुर के खजनी तहसील क्षेत्र में गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। इसी को लेकर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन भारत सरकार को संबोधित करते हुए भेजा गया, जिसमें पूरे मामले की निष्पक्ष और गोपनीय जांच की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र में लोगों की नाराजगी साफ दिखाई दी।

गैस एजेंसियों पर कालाबाजारी के आरोप

स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि गैस एजेंसी संचालक जानबूझकर सिलेंडरों की कमी दिखा रहे हैं। आरोप है कि निर्धारित वितरण के बाद बचे हुए सिलेंडरों को सीधे उपभोक्ताओं को देने के बजाय बिचौलियों के जरिए ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। बताया जा रहा है कि जो लोग लंबी लाइन में लगने से बचना चाहते हैं, उन्हें 2000 से 3500 रुपये तक में सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।

गोरखपुर में सनसनीखेज खुलासा: ट्रक का ड्राइवर ही निकला चोर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

आम जनता लाइन में, सिलेंडर बाजार में

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा परेशानी आम उपभोक्ताओं को हो रही है। लोग घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन कई बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। वहीं दूसरी तरफ, वही सिलेंडर कथित तौर पर खुले बाजार में आसानी से मिल जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल

मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर होटलों, ढाबों और ठेलों पर किया जा रहा है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की उपलब्धता और भी कम हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम जनता को मिलने वाली सुविधा भी प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस ने उठाई जांच की मांग

इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस की गोरखपुर जिला इकाई और खजनी विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले की गोपनीय जांच कर दोषियों को चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए और होम डिलीवरी की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि एजेंसियों पर भीड़ कम हो और लोगों को राहत मिल सके।

गोरखपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: पुरानी रंजिश में खूनी खेल, लोहे की रॉड से हमला करने वाले गिरफ्तार

तहसील में प्रदर्शन

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन भी किया। इस दौरान कालाबाजारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन के जरिए यह साफ संदेश देने की कोशिश की गई कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 April 2026, 2:10 PM IST

Related News

Advertisement