हिंदी
एम्स रायबरेली में गणपति बप्पा की धूमधाम से स्थापना
Raebareli: रायबरेली के मुंशीगंज स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के परिसर में बुधवार की रात गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे उल्लास, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। संस्थान के एमबीबीएस में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने इस आयोजन को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम एम्स परिसर में देखने को मिला। जहां गणपति बप्पा मोरया की जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
प्राचीन शिव मंदिर परिसर में सजाया गया भव्य पंडाल
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर एम्स परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण को विशेष रूप से सजाया गया था। छात्र-छात्राओं ने मिलकर फूलों, रंगोली और लाइटिंग से पंडाल को अत्यंत भव्य रूप दिया। पुजारी अक्षत तिवारी और कलश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान से गणेश प्रतिमा की स्थापना की। साथ ही कलश स्थापना और पूजा-अर्चना कराई गई।
रायबरेली में हाई लेवल बैठक, जल जीवन मिशन में धीमी प्रगति पर अधिकारियों की क्लास
आतिशबाजी के साथ भगवान गणेश का स्वागत
गणेश स्थापना के समय विशेष रूप से पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ भगवान गणेश का स्वागत किया गया। एम्स परिसर गाजे-बाजे और जयघोष से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं और छात्रों ने मिलकर आरती, भजन और गणपति स्तुति गाकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
छात्रों का मिला अद्भुत सहयोग और सहभागिता
इस धार्मिक आयोजन में एम्स के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने तन, मन और धन से भाग लिया। आयोजन के प्रमुख समन्वयक परमिल, प्रज्ज्वल, हर्षद, सुंदरम श्रीवास्तव, विजय मीणा और सिद्धार्थ दुबे सहित कई छात्र-छात्राओं ने आयोजन की पूरी तैयारी में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल आयोजन की व्यवस्था संभाली बल्कि स्वयं भी सजावट, पूजा सामग्री, और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस आयोजन में छात्रों के उत्साह और ऊर्जा को देखकर स्पष्ट था कि मेडिकल की कठिन पढ़ाई के बीच भी वे धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े हुए हैं। कई छात्र-छात्राओं ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें मानसिक शांति और टीमवर्क की भावना मिलती है।
रायबरेली: धार्मिक आस्था के नाम पर अंधविश्वास और पशु बलि, स्थानीय बुद्धिजीवियों ने थाने में दी तहरीर
सुख-समृद्धि की कामना और संदेश
पूजा-अर्चना के दौरान छात्रों और उपस्थित भक्तों ने भगवान गणेश से खुशहाली, स्वास्थ्य, और जीवन में विघ्नों के नाश की कामना की। खासकर एम्स जैसे स्वास्थ्य संस्थान में इस तरह के आयोजनों का होना एक सकारात्मक संकेत देता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि इससे छात्रों में सामुदायिक समरसता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना भी गहराई।
Location : Raebareli
Published : 28 August 2025, 12:49 PM IST