
दो शातिर चोर गिरफ्तार (Img: DN)
Gorakhpur: गोरखपुर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। थाना रामगढ़ताल पुलिस ने दो कुख्यात चोरों शहजादे और अब्दुल सलाम को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण बेचकर अर्जित 4.70 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, हथौड़ी और लोहे की सरिया बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ् के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में मिली। थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। वे पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और फिर मौका पाकर घर में घुसकर कीमती जेवरात और नकदी पार कर देते थे। खास बात यह है कि ये आरोपी सुनसान और बंद घरों को ही निशाना बनाते थे, जिससे लंबे समय तक चोरी का पता भी नहीं चल पाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 5 मार्च को प्रज्ञानगर बड़गो, 3 अप्रैल को न्यू कॉलोनी कजाकपुर और 8 अप्रैल को आजाद चौक में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन सभी मामलों में थाना रामगढ़ताल में मुकदमे दर्ज थे और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
गिरफ्तार शहजादे पर 20 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे मामले शामिल हैं। वहीं अब्दुल सलाम भी कई आपराधिक मामलों में वांछित रहा है। दोनों लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे।
इस सफलता में उपनिरीक्षक आलोक सिंह, स्वाट टीम प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने समन्वय और सटीक रणनीति के जरिए इस गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की।
Gorakhpur Kidnapping: डेढ़ साल के मासूम आयांश के अपहरण की पीछे चौंकाने वाला खुलासा, मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि घर बंद छोड़ने से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूर करें।
Location : Gorakhpur
Published : 28 April 2026, 3:18 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News up crime UP News