हिंदी
फर्जी बैंक खाते खोलने वाले गिरोह का पर्दाफाश
Gorakhpur: थाना तिवारीपुर पुलिस व साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई में फर्जी बैंक खाते खुलवाकर अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी कोतवाली, प्रभारी निरीक्षक तिवारीपुर और प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना तिवारीपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 57/2026, धारा 318(4), 351(3), 352 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समसुल्हक उर्फ शब्बू उर्फ रेयान निवासी जाफरा बाजार, सारिक अनवर निवासी दाउदचक घोसीपुर और सारिम निवासी पिपरापुर थाना तिवारीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी लोगों को सरकारी योजनाओं के नाम पर झांसा देकर बैंक खाते खुलवाते थे और फिर उनसे पासबुक व एटीएम कार्ड लेकर उन खातों का इस्तेमाल अवैध पैसों के लेन-देन में करते थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसे सरकारी योजना के तहत पैसे मिलने का लालच देकर खाता खुलवाया गया और बाद में उसका दुरुपयोग किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और भोले-भाले लोगों को निशाना बनाकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना तिवारीपुर व साइबर क्राइम सेल के कई अधिकारी व पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
Location : Gorakhpur
Published : 12 April 2026, 7:46 PM IST