प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत मुख्यमंत्री ने 90 हजार लाभार्थियों को डीबीटी के जरिए पहली किस्त जारी की। महराजगंज जिले में 1285 लोगों के खातों में एक-एक लाख रुपये भेजे गए और 250 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए।

महराजगंज के 1285 लोगों को मिला 1-1 लाख
Maharajganj: गरीबों को पक्का घर देने की दिशा में सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत प्रदेश के करीब 90 हजार लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त डीबीटी के माध्यम से भेजी। सिंगल क्लिक के जरिए यह धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद कर योजनाओं का फीडबैक भी लिया और उन्हें नए घर के लिए बधाई दी।
लाभार्थियों से किया सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थी गुंजा देवी से बातचीत कर उन्हें आवास स्वीकृत होने और पहली किस्त मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सभी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। मुख्यमंत्री ने गुंजा देवी से यह भी पूछा कि उन्हें सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुशीनगर दौरे पर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, इन मुद्दों को लेकर हुई चर्चा; कहा- कोई कमी मिली तो…
महराजगंज में 1285 लोगों को मिली पहली किस्त
इस कार्यक्रम के तहत महराजगंज जिले में भी विशेष आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के 1285 लाभार्थियों के खातों में प्रति व्यक्ति एक लाख रुपये की पहली किस्त भेजी गई। इसके साथ ही 250 लाभार्थियों को आवास योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार गरीबों और जरूरतमंदों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज महराजगंज के 1285 परिवारों को एक-एक लाख रुपये की पहली किस्त मिली है, जिससे वे अपने पक्के घर का सपना पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे। फरेंदा विधायक ने भी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार द्वारा मिली इस धनराशि का सही उपयोग कर सभी लोग अपने घर का निर्माण करें।
अधिकारियों ने भी दिए निर्देश
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की ओर से मिली राशि का उपयोग केवल आवास निर्माण में ही किया जाए, ताकि योजना का उद्देश्य सफल हो सके। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, पीओ डूडा प्रेमशंकर पांडेय, नगर पंचायत आनंदनगर अध्यक्ष राजेश जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा और सीएमएम आनंद त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।