हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स: इंटरनेट)
Gorakhpur: गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मरीजों और उनके परिजनों की मजबूरी को कमाई का जरिया बनाने वाले गिरोह पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कस गया। थाना गुलरिहा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी लंबे समय से मेडिकल कॉलेज परिसर में रहकर ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह का हिस्सा बताया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है।
मेडिकल कॉलेज परिसर से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार मोहन पुत्र रिखई राम निवासी मोलनापुर तालगांव थाना भुरकुडा जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर के कमरा नंबर 109 में रह रहा था। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी थाना गुलरिहा में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।
गरीबों का खून निकालकर होती थी कमाई
जांच में सामने आया कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को ब्लड की जरूरत पड़ने पर यह गिरोह सक्रिय हो जाता था। गिरोह के सदस्य खुद को मेडिकल कॉलेज का कर्मचारी बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे और फिर ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर हजारों रुपये की डील करते थे। इसके लिए गरीब मजदूरों और जरूरतमंद लोगों को कुछ हजार रुपये देने का लालच देकर उनका खून निकलवाया जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना वसील खान और उसका साथी केशर देव इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। एक मामले में मजदूर से ब्लड दिलवाने के बाद उसे तय रकम देने के बजाय सिर्फ 1100 रुपये देकर भगा दिया गया। ब्लड देने के बाद मजदूर की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास और मानव अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई
इसी मामले में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अश्वनी कुमार मोहन को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर पहले से गैंगस्टर एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
, Uttar Pradesh Police, Crime News, Medical Fraud, Organ Trafficking, Fraud Case, Police Arrest
Location : Gorakhpur
Published : 15 May 2026, 1:24 AM IST