नवरात्र से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, हरिद्वार में 120 किलो कुट्टू आटा जब्त… जांच तेज

नवरात्र पर्व से पहले हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। कई इलाकों में छापेमारी कर 120 किलो बिना लेबल कुट्टू आटा जब्त कर नष्ट किया गया। साथ ही 10 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि त्योहार के दौरान ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 18 March 2026, 11:55 PM IST

Haridwar: नवरात्र पर्व से पहले आम लोगों की सेहत को सुरक्षित रखने के लिए हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। मिलावटी और बिना मानक वाले खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के उद्देश्य से बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभाग की टीम ने 120 किलो बिना लेबल कुट्टू आटा जब्त कर उसे नष्ट कराया, वहीं 10 खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

कई इलाकों में चला संयुक्त अभियान

खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर यह अभियान लक्सर, भगवानपुर, हरिद्वार और धनौरी क्षेत्रों में चलाया गया। इस कार्रवाई में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने दुकानों, गोदामों और विक्रय केंद्रों पर अचानक छापेमारी कर कुट्टू आटा, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना, मूंगफली और मसालों की गुणवत्ता की जांच की। अधिकारियों ने दुकानदारों से लाइसेंस, बिल और उत्पाद से जुड़ी जरूरी जानकारी भी मांगी।

रसोई गैस की किल्लत और महंगाई ने किया बेहाल, प्रयागराज में सपा महिला सभा का प्रदर्शन

स्टॉक किया नष्ट

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार गोवर्धनपुर रोड स्थित एक दुकान से करीब 120 किलो खुला कुट्टू आटा बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि आटे के बैगों पर न तो निर्माता का नाम दर्ज था और न ही लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि या एक्सपायरी डेट का उल्लेख था। दुकानदार संबंधित उत्पाद का बिल भी पेश नहीं कर सका। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर पूरे स्टॉक को जब्त कर सिमली डंपिंग ग्राउंड में नष्ट कराया गया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

अभियान के दौरान विभाग ने कुल 10 खाद्य नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं, जिनमें नारसन और मंगलौर क्षेत्र से लिए गए पांच नमूने भी शामिल हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने इस मामले में संबंधित ट्रांसपोर्टर के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है।

काबुल में हाहाकार! BJP ने PoK की हरकत को बताया कायराना, भारत की रणनीति क्या?

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नवरात्र के दौरान इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Location : 
  • Haridwar

Published : 
  • 18 March 2026, 11:55 PM IST