Firozabad: ससुराल गया था युवक, सुबह पेड़ से लटका मिला शव; परिजनों ने लगाया ये आरोप

फिरोजाबाद में एक युवक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खेत में पेड़ से लटका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर पुलिस शुरुआती जांच में इसे पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला मान रही है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 27 September 2026, 2:10 AM IST

Firozabad: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना मटसैना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक का शव नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना पुरानी पशु हाट के पास की है, जहां खेत में लगे पेड़ पर युवक का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को गृहकलह के चलते आत्महत्या मान रही है।

मृतक की पहचान

मृतक की पहचान थाना जसराना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद निवासी वीरभान उर्फ वीशेष (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरभान मुंबई की एक फैक्टरी में काम करता था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी थाना मटसैना क्षेत्र के गांव इटौरा निवासी संगीता से हुई थी।

परिजनों के मुताबिक, वीरभान 25 अगस्त को मुंबई से अपने घर लौटा था। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए ससुराल गया था। शनिवार सुबह पुरानी पशु हाट के पास नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से उसका शव लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की फाइल फोटो

पत्नी  से चल रहा था विवाद

मृतक के चाचा विजय चंद्र ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही वीरभान और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पत्नी संगीता मार्च महीने से अपने मायके में रह रही थी और वर्तमान में करीब सात माह की गर्भवती है। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को संगीता ने घी देने के बहाने वीरभान को अपने पास बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम के बाद से वीरभान से परिवार का संपर्क नहीं हो सका था।

Expressway बना ‘वॉटरवे’: तीन फीट पानी में डूबा Ganga Expressway, अखिलेश यादव के तंज के बाद मचा हड़कंप

रील बनाने का था शौक

परिजनों के अनुसार, दंपती के बीच विवाद का एक कारण सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर भी था। उनका कहना है कि संगीता को सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने का शौक था, जिसका वीरभान और उसके परिवार वाले विरोध करते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

2 करोड़ का डीजल, 64 कर्मचारी और 308 टायर, ऐसे चल रहा 200 टन का ‘महाट्रक’

पुलिस का बयान

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Firozabad

Published :  27 September 2026, 2:10 AM IST