मुजफ्फरनगर में कौन पैदा हो गया पुलिस का दुश्मन? लगातार की ताबड़तोड़ फायरिंग, हेड कांस्टेबल को लगी गोली

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से हेड कांस्टेबल अजीत कुमार घायल हो गए। उन्हें आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक, आरोपियों की तलाश में आठ पुलिस टीमें कॉम्बिंग कर रही हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 11:41 AM IST
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में देर रात चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। फायरिंग में हेड कांस्टेबल अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गन्ने के खेतों में घुसकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश में बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल घायल हेड कांस्टेबल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।

चेकिंग के दौरान संदिग्धों ने की फायरिंग

मामला मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र का है। एसएसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक, शनिवार देर रात पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की।

चेकिंग टीम में शामिल हेड कांस्टेबल अजीत कुमार ने संदिग्धों का पीछा किया। इसी दौरान भाग रहे आरोपियों में से एक ने पुलिसकर्मी पर गोली चला दी। गोली लगने से अजीत कुमार घायल होकर गिर पड़े। इस बीच आरोपी मौके से भाग निकले और गन्ने के खेतों में जाकर छिप गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू कर दी।

जिला अस्पताल से आनंद हॉस्पिटल में कराया गया भर्ती

पुलिसकर्मी को गोली लगने की सूचना मिलते ही विभाग में अफरा-तफरी मच गई। घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि अजीत कुमार की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई है। साथ ही आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

गन्ने के खेतों में तलाशी, आठ पुलिस टीमें लगाई गईं

पुलिस पर फायरिंग कर फरार हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी के मुताबिक, जनपद से आठ पुलिस टीमों को घटनास्थल और आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग के लिए लगाया गया है। पुलिस गन्ने के खेतों को खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों का सुराग मिल सके।

इसके अलावा संभावित रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस टीम पर फायरिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अभियान जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  25 October 2026, 11:41 AM IST