Maharajganj News: आग ने निगल ली तीन घरों की दुनिया, चीख-पुकार से कांप उठा गांव

महराजगंज के धानी ब्लॉक स्थित चौका गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग ने तीन घरों को जलाकर राख कर दिया। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई, जबकि ग्रामीणों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 5 April 2026, 2:20 PM IST

Maharajganj: रात की खामोशी अचानक चीखों और लपटों की डरावनी आवाज में बदल गई, जब एक छप्पर से उठी आग ने देखते ही देखते तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। पल भर में सब कुछ राख हो गया। सपने, सामान और सालों की मेहनत। महराजगंज के धानी ब्लॉक के चौका गांव में हुए इस अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है। संदिग्ध हालात में लगी इस आग ने तीन परिवारों को बेघर कर दिया और पीछे छोड़ गई सिर्फ तबाही का मंजर।

संदिग्ध हालात में भड़की आग

धानी ब्लॉक के चौका गांव में यह हादसा उस वक्त हुआ जब राम वचन निषाद के छप्परनुमा घर में अचानक आग लग गई। शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि यह आग इतनी तेजी से फैल जाएगी। तेज हवाओं ने आग को और भड़का दिया और कुछ ही मिनटों में पड़ोसी प्रभु नाथ और बैजनाथ के घर भी इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई।

महाराजगंज में सचिव को हटाने पर बवाल, पंचायत कर्मचारियों ने दी ये बड़ी चेतावनी, जानें पूरा मामला

तीन परिवारों की गृहस्थी जलकर राख

इस भीषण अग्निकांड में तीनों परिवारों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। पीड़ितों के मुताबिक, घर में रखा कई क्विंटल अनाज, साइकिल, टीवी, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। जो कुछ भी था, सब आग की भेंट चढ़ गया। ग्रामीणों का अनुमान है कि इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत

आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन मदद पहुंचने में समय लग रहा था। ऐसे में गांव के लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। बाल्टी, हैंडपंप और जो भी साधन मिला, उससे ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अगर ग्रामीण समय रहते प्रयास नहीं करते, तो आग और भी घरों को अपनी चपेट में ले सकती थी।

महराजगंज में विधवा के दुश्मन बने दबंग लोग, पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत 7 पर ठोका मुकदमा

प्रशासन पहुंचा मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से बातचीत की और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

Location : 
  • Maharajang

Published : 
  • 5 April 2026, 2:20 PM IST