UP Politics: PM मोदी पर टिप्पणी के बाद अजय राय की बढ़ी मुश्किलें, 30 पर FIR… जानिए अब क्या होगा

महोबा में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के मामले ने अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के दौरे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद BJP ने मोर्चा खोल दिया है। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिसके बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 23 May 2026, 2:27 PM IST

Lucknow : महोबा में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य और अधिवक्ता नीरज रावत की शिकायत पर की गई है।

पुलिस ने अजय राय, कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश सचिव बृजराज सिंह और करीब 30 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। FIR दर्ज होने के बाद यह मुद्दा अब पूरी तरह राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।

NEET छात्रा का मामला

जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली 25 वर्षीय युवती महोबा में किराये पर रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 30 अप्रैल को लाइब्रेरी से लौटते समय वह अचानक लापता हो गई थी।

करीब 16 दिन बाद पुलिस ने युवती को बरामद किया। युवती ने कुछ लोगों पर अपहरण, दुष्कर्म और प्रताड़ना का आरोप लगाया था। लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवती शादी करती दिखाई दी। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया और कई सवाल खड़े होने लगे।

पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी से गरमाई सियासत, महोबा में अजय राय के बयान पर बवाल

छात्रा से मिलने पहुंचे थे अजय राय

शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय महोबा पहुंचे और छात्रा से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। कांग्रेस ने इसे महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़ा बड़ा मुद्दा बताया।

लेकिन छात्रा से मुलाकात के बाद लौटते समय अजय राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। इसी वीडियो के बाद BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।

BJP ने खोला मोर्चा

BJP नेता और अधिवक्ता नीरज रावत ने शहर कोतवाली में शिकायत देकर आरोप लगाया कि अजय राय बिना प्रशासनिक अनुमति के कार्यक्रम करने पहुंचे थे। शिकायत में कहा गया कि वह 15 से 16 गाड़ियों के काफिले और दर्जनों समर्थकों के साथ पहुंचे थे।

आरोप है कि सड़क पर वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की वजह से रास्ता बाधित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत में यह भी कहा गया कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

वायरल वीडियो बना FIR की वजह

BJP नेता ने वायरल वीडियो की पेन ड्राइव पुलिस को सौंपी है, जिसे सबूत के तौर पर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में FIR दर्ज की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Location :  Lucknow

Published :  23 May 2026, 2:02 PM IST