महराजगंज में 17.92 लाख मतदाता

महराजगंज में विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है, जिसमें कुल 17.92 लाख मतदाता दर्ज हैं। प्रशासन ने प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए सभी राजनीतिक दलों को सूची की कॉपियां सौंप दी हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 10 April 2026, 4:11 PM IST

Maharajganj: चुनाव से पहले की हलचल तेज हो चुकी है और इसी बीच मतदाता सूची को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह एक्टिव नजर आ रहा है। कई जगहों पर फर्जी वोटर और नाम कटने को लेकर उठते सवालों के बीच अब महराजगंज में प्रशासन ने सख्त निगरानी के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है।

महराजगंज में जारी हुई अंतिम मतदाता सूची

महराजगंज में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद आखिरकार अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में इस सूची का आधिकारिक प्रकाशन किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की कोशिश की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की।

महराजगंज में डीआईजी का सख्त संदेश, महिला सुरक्षा बनी पहली प्राथमिकता; पढ़ें पूरी खबर

17.92 लाख मतदाता दर्ज

जारी की गई अंतिम सूची के मुताबिक जनपद में कुल 17,92,128 मतदाता दर्ज किए गए हैं। यह संख्या जिले की चुनावी तस्वीर को साफ तौर पर दर्शाती है। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो फरेन्दा में 3,30,511, नौतनवा में 3,27,187, सिसवा में 3,64,498, महराजगंज सदर में 3,77,551 और पनियरा में 3,92,381 मतदाता शामिल हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि पनियरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा मतदाता हैं, जबकि नौतनवा में संख्या अपेक्षाकृत कम है।

प्रशासन ने बताया मेहनत का नतीजा

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची का सफल प्रकाशन अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर, इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर, सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारियों के योगदान की सराहना की। उनका कहना था कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी गई।

 

महराजगंज: गौआश्रय की डीएम ने परखी हकीकत, केयरटेकर और बेहतर व्यवस्था पर दिया जोर

सभी राजनीतिक दलों को दी गई सूची

इस बैठक में कांग्रेस, भाजपा, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से सभी दलों को मतदाता सूची की कॉपियां भी उपलब्ध कराई गईं, ताकि वे अपने स्तर पर इसकी जांच कर सकें। प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रमुख राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची सौंप दी गई है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत कुमार समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Location :  Maharajang

Published :  10 April 2026, 4:11 PM IST