
महिला का फाइल फोटो (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: गोरखपुर के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मिर्जवा सरदार गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है। 32 साल की स्नेहलता नाम की महिला अपने ही घर में खून से लथपथ हालत में मिली। परिजन उन्हें तुरंत एम्स लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला की हत्या सिलबट्टे से कूचकर की गई है।
कैसे पड़ी हुई थी महिला की लाश?
घर के अंदर से खून से सना सिलबट्टा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्नेहलता के सिर, चेहरे, हाथ और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। इतना ही नहीं, गले पर रस्सी के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को किया मृत घोषित
मृतका के भाई अमित मौर्य ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने तहरीर में बताया कि उनकी मां ने फोन कर सूचना दी थी कि स्नेहलता गंभीर रूप से घायल हैं। जब वह पहुंचे तो बहनोई ने बताया कि वह घायल अवस्था में अस्पताल ले जाई जा रही है, लेकिन एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
9 लोगों पर केस दर्ज
अमित का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने पति साधु शरण मौर्य, ससुर समेत ससुराल पक्ष के 9 लोगों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वारदात के वक्त कौन-कौन था घर पर?
पुलिस के मुताबिक, स्नेहलता तीन बच्चों की मां थी। घटना के समय उनकी दो बेटियां स्कूल गई थी, जबकि ढाई साल का बेटा घर पर मौजूद था। पुलिस ने बच्चे का बयान भी दर्ज किया है, जिससे कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस का क्या कहना है?
बताया जा रहा है कि पति साधु शरण मौर्य बाराबंकी में एक आईटीआई संस्थान में शिक्षक हैं और घटना के समय घर से बाहर थे। पुलिस उनसे और अन्य परिजनों से लगातार पूछताछ कर रही है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 12 May 2026, 1:45 PM IST