मैनपुरी में चारपाई पर मिली पिता की लाश, अब आरोपियों से जान का खतरा, बेटे ने एसपी से लगाई गिरफ्तारी की गुहार

मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या के मामले में बेटे ने एसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को धमकियां दे रहे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 August 2026, 2:35 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी में एक हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक के दरवाजे पहुंचा है। कुरावली थाना क्षेत्र के जुनैसा गांव में हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में बेटे ने आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने एसपी से नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

घर के बाहर सो रहे पिता की हुई थी मौत

जानकारी के मुताबिक, जुनैसा गांव निवासी अश्वनी पुत्र वीरपाल सिंह ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जानकारी दी है। अश्वनी के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की रात उसके पिता वीरपाल सिंह घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। अगली सुबह करीब 5:30 बजे जब अश्वनी घर से बाहर आया तो उसने अपने पिता को चारपाई पर मृत हालत में पड़ा देखा। पिता को इस हालत में देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची थी।

पुरानी रंजिश में गोली मारकर हत्या का आरोप

अश्वनी का आरोप है कि पूछताछ के दौरान गांव के ही पवन पुत्र रामचंद्र शाक्य ने पुरानी जगह के विवाद को लेकर गोली मारकर हत्या किए जाने की बात बताई थी। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर 10 अगस्त 2026 को कुरावली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है। मुकदमे में पवन पुत्र रामचंद्र शाक्य, बच्चन सिंह और कमल सिंह पुत्रगण बाबूराम समेत युधिष्ठर पुत्र विजय सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है।

आरोपियों पर धमकी देने का आरोप

पीड़ित अश्वनी का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोप है कि आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अश्वनी ने आरोप लगाया कि आरोपी घर पर आकर गाली-गलौज करते हैं और परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। इससे परिवार के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

एसपी से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग

पीड़ित बेटे ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर क्या कार्रवाई करती है। फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लगाए बैठा है।

Location :  Mainpuri

Published :  31 August 2026, 1:59 PM IST