
कच्चे मकान की छत गिरने से मासूम की मौत (IMG: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तरप्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बीते 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बाद शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। पुराने कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे कमरे में सो रहे दो सगे भाई मलबे में दब गए। हादसे में आठ वर्षीय आनंद सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय बड़ा भाई गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
खागा के गोपालपुर निवासी रावेंद्र सिंह गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी नीतू सिंह अपने दोनों बेटों गुड्डू और आनंद के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। लगातार बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवारें और छत पहले से कमजोर हो चुकी थीं।
शनिवार तड़के करीब चार बजे नीतू दोनों बच्चों को कमरे में सोता छोड़कर मवेशियों को चारा देने बाहर चली गईं। करीब 20 मिनट बाद अचानक तेज आवाज के साथ मकान की छत भरभराकर गिर गई। दोनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए।
ये भी पढ़ें: Bihar Flood Alert: गंडक में उफान, 4 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी का डिस्चार्ज; बगहा के कई गांवों में घुसा पानी
छत गिरने की आवाज और नीतू की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आठ वर्षीय आनंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गुड्डू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक आनंद गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
ये भी पढ़ें: 3 दिन से हो रही बारिश बनी आफत! भोर में सोते परिवार पर गिरी मकान की छत, घायलों को वाराणसी रेफर
घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लेखपाल पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार ने आवास योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पक्का मकान नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने इस मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: मूसलाधार बारिश से बरेली बेहाल! घुटनों तक पानी में डूबी सड़कें, घरों-दुकानों के सामने जलभराव
हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम अश्वनी पांडेय ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि मौके पर राजस्व टीम भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता और आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
Location : Fatehpur
Published : 26 September 2026, 1:54 PM IST