
फतेहपुर में गुलाबी गैंग का उग्र प्रदर्शन (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Fatehpur: जनपद में कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा को लेकर गुलाबी सेवा संस्था द्वारा संचालित 'गु गुलाबी गैंग' ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक बड़ा प्रदर्शन किया। इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष संपत पाल और जिला कमांडर चमेली ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं की खासी भीड़ नजर आई, जिन्होंने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से देश के महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
इस प्रदर्शन का मुख्य केंद्र हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई एक घटना रही। संगठन ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे प्रदर्शनकारियों और अपने पेशेवर कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे मीडियाकर्मियों के साथ कथित तौर पर हुए अभद्र व्यवहार पर कड़ा विरोध जताया।
गुलाबिन गैंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष संपत पाल ने कहा कि देश की राजधानी में इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना और पत्रकारों का स्वतंत्र रूप से अपनी रिपोर्टिंग करना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम और मजबूत हिस्सा होता है। ऐसी घटनाओं से समाज में गलत संदेश जाता है और जनता के अधिकारों पर सीधा प्रहार होता है।
राहुल गांधी मानहानि मामला: सुलतानपुर कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा, 26 अक्टूबर को आ सकता है फैसला
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में राष्ट्रपति से ये प्रमुख मामलों पर तुरंत संज्ञान लेने की अपील की गई है-
निष्पक्ष जांच: जंतर-मंतर पर हुई पूरी घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई: प्रदर्शनकारियों एवं पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार में संलिप्त पाए जाने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा की गारंटी: देश में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन करने वाले नागरिकों और अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा को पूरी तरह से सुनिश्चित किया जाए।
भविष्य के लिए निर्देश: इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति भविष्य में दोबारा न हो, इसके लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
प्रदर्शन के अंत में संगठन की ओर से यह दोहराया गया कि जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए गुलाबी गैंग हमेशा आवाज उठाता रहेगा। संगठन ने राष्ट्रपति से यह उम्मीद जताई है कि ज्ञापन के माध्यम से भेजी गई इन सभी मांगों पर उचित और न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और कानून के दायरे में रहकर काम करने वाले हर नागरिक व पत्रकार के अधिकारों की रक्षा हो सके।
Location : Fatehpur
Published : 13 October 2026, 3:37 PM IST