
बाइक सवार दंपति पर गिरा सरकारी होर्डिंग का पिलर (Image Source: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहुआ रोड चौराहे पर सड़क किनारे लगा सरकारी विज्ञापन होर्डिंग का भारी-भरकम पिलर अचानक बाइक सवार दंपति के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में दंपति को मामूली चोटें आईं, लेकिन दोनों की जान बच गई।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय न तो आंधी-तूफान आया था और न ही किसी वाहन की टक्कर से पिलर गिरने की जानकारी सामने आई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद सरकारी ढांचों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सूचना मिलने पर गाजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरे पिलर को हटवाया। घायल दंपति को प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को बहुआ रोड चौराहे पर सामान्य दिनों की तरह आवागमन जारी था। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों में व्यस्त थे और राहगीर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे स्थापित सरकारी विज्ञापन होर्डिंग का भारी पिलर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा।
संयोग से उसी समय फतेहपुर की ओर जा रहा बाइक सवार दंपति वहां से गुजर रहा था और पिलर सीधे उनके ऊपर जा गिरा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दंपति की मदद की। भारी-भरकम ढांचे की चपेट में आने के बावजूद दोनों की जान बच गई। हालांकि, उन्हें मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय मौसम सामान्य था। न तो आंधी-तूफान की स्थिति थी और न ही किसी वाहन की टक्कर से पिलर गिरने की जानकारी सामने आई। ऐसे में बिना किसी बाहरी टक्कर के भारी ढांचे के अचानक गिरने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरे पिलर और होर्डिंग के ढांचे को हटवाया, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो। हादसे में घायल दंपति को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई।
दिल्ली में दवाओं का बड़ा खेल बेनकाब: घर में मिला 14 लाख का स्टॉक, 37 दुकानों पर कार्रवाई
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। सड़क किनारे लगे भारी-भरकम सरकारी ढांचे के इस तरह अचानक गिरने से उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों के सामने यह सवाल है कि आखिर इन ढांचों की मजबूती की जांच की जिम्मेदारी किस विभाग की है और क्या स्थापना के बाद इनका नियमित निरीक्षण कराया जाता है?
बहुआ रोड चौराहे की घटना के बाद जिले के अन्य प्रमुख मार्गों और चौराहों पर लगे सरकारी होर्डिंग, विज्ञापन ढांचों, पोल और पिलरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि आगर बिना किसी वाहन की टक्कर या आंधी-तूफान के एक भारी पिलर अचानक गिर सकता है तो दूसरे स्थानों पर स्थापित ऐसे ढांचों की मजबूती कितनी सुरक्षित है।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तथा संबंधित नगर निकाय एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की गई है कि बहुआ रोड चौराहे की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिले के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर लगे सरकारी ढांचों की सुरक्षा जांच कराई जाए। साथ ही कमजोर और जर्जर ढांचों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी राहगीर को इस तरह के हादसे का सामना न करना पड़े।
Location : Fatehpur
Published : 11 November 2026, 1:26 PM IST