
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में गैस रिसाव के चलते हुए जोरदार विस्फोट में एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा इतना भयावह था कि देखते ही देखते पूरा घर आग के गोले में तब्दील हो गया और गांव में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी संतोष लोधी की पत्नी कलावती रात करीब नौ बजे घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस पाइप से रिसाव शुरू हो गया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही रसोई में तेज आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के दोनों कमरे उसकी चपेट में आ गए।
आग की लपटों में सबसे पहले कलावती घिर गईं। उन्हें बचाने के लिए परिवार के सदस्य दौड़े, लेकिन हालात और बिगड़ गए। इस दौरान साजन, सुलेखा, संजय, सुनीता, रीता, सोनी, एक मासूम बच्चा और पड़ोसी करण भी गंभीर रूप से झुलस गए।
Bahraich Accident: नेपाल से लौट रहे यात्रियों की कार हादसे का शिकार, 4 की दर्दनाक मौत
हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने घायलों को किसी तरह घर से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंच गई।
सभी घायलों को पहले मलवां मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर आठ लोगों को कानपुर रेफर कर दिया गया। प्रशासन ने घायलों को जल्दी अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार कराया, ताकि इलाज में देरी न हो।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में सिलेंडर फटने की नहीं बल्कि गैस रिसाव की वजह से विस्फोट होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि हादसे की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
करोड़ों की ठगी करने वाले तीनों आरोपी फरार, पुलिस ने घर पर चस्पा किया नोटिस
प्रशासन ने कानपुर अस्पताल में घायलों की देखरेख के लिए पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती की है। जिलाधिकारी और पुलिस विभाग लगातार पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते लोग मदद के लिए न पहुंचते तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था।
Location : Fatehpur
Published : 18 May 2026, 8:24 AM IST