फतेहपुर बिजली विभाग का अनोखा कारनामा, घर पर लटका था ताला, पीछे से चुपचाप टांग गए स्मार्ट मीटर

फतेहपुर में उपभोक्ता अतुल तिवारी ने बिजली विभाग पर उनकी अनुपस्थिति और बंद घर का ताला लांघकर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने अधीक्षण अभियंता को शिकायती पत्र सौंपकर निजी कंपनी का मीटर हटाने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त जांच व विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 June 2026, 3:15 PM IST

Fatehpur : फतेहपुर शहर निवासी अतुल तिवारी ने विद्युत विभाग पर उनकी अनुपस्थिति में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का आरोप लगाते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड-प्रथम को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

गेट का ताला लांघकर कनेक्शन काटने का आरोप

शिकायतकर्ता अतुल तिवारी ने बताया कि उनके घर का पुराना विद्युत मीटर बदला गया, जबकि उस समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था और मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पुराने कनेक्शन के तार काटकर नया स्मार्ट मीटर स्थापित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पुराना मीटर अभी भी घर के अंदर लगा हुआ है।

Fatehpur : रिश्तों का कत्ल, हमदर्दी बनी दुश्मनी; सगे भाइयों में जमकर चले लाठी-डंडे

सहमति के बिना की गई कार्रवाई

अतुल तिवारी का कहना है कि कुछ दिन पूर्व उन्हें मीटर बदलने के संबंध में फोन आया था, जिस पर उन्होंने विभाग से अनुरोध किया था कि मीटर बदलने से पहले उन्हें सूचना दी जाए ताकि वह मौके पर मौजूद रह सकें। लेकिन उनकी जानकारी और सहमति के बिना नया मीटर लगा दिया गया।

UPPCL का लगे नया मीटर - उपभोक्ता

उन्होंने अधीक्षण अभियंता से मांग की है कि लगाए गए निजी कंपनी के स्मार्ट मीटर को हटाकर उनकी मौजूदगी में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) का मीटर लगाया जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

Location :  Fatehpur

Published :  7 June 2026, 3:15 PM IST