
बंद पड़ी आतिशबाजी की दुकान में भीषण विस्फोट
Farrukhabad: जनपद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलेपुर मार्ग पर लाड़मपुर दोयम गांव में एक बंद आतिशबाजी की दुकान में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके से दुकान का लेंटर और दीवारें गिर गईं तथा मलबे की ईंटें दूर-दूर तक जा गिरीं। विस्फोट की आवाज इतनी भीषण थी कि इसकी गूंज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
अचानक हुए इस विस्फोट से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दुकान से उठ रहे धुएं पर पानी की बौछार कर आग को पूरी तरह शांत किया। मौके पर कायमगंज एसडीएम अभिषेक वर्मा, सीओ अजय वर्मा, और थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम
फील्ड यूनिट और सीएफओ की टीम ने मौके की बारीकी से जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, यह दुकान शमशाबाद कस्बे के रहने वाले सरफुद्दीन की है, जो लंबे समय से बारात आदि में आतिशबाजी का कार्य करते हैं। उनके पास चटरी और अनार बनाने का वैध लाइसेंस भी बताया गया है।
सीओ कायमगंज अजय वर्मा ने बताया कि दुकानदार ने जुलाई तक ही आतिशबाजी का काम किया था, जिसके बाद से कोठरी पूरी तरह बंद थी। उस बंद कमरे में करीब 3 से 4 किलो बारूद का मसाला रखा हुआ था। फिलहाल, जुलाई से बंद पड़ी इस दुकान में यह विस्फोट किन कारणों से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अभी तक धमाके के सटीक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।
Location : Farrukhabad
Published : 2 October 2026, 1:41 AM IST