Exclusive: गोरखपुर में डीजल-पेट्रोल संकट से हाहाकार, घंटों लाइन में खड़े रहे वाहन चालक

गोरखपुर में पेट्रोल और डीजल की कथित कमी को लेकर वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे म्यूज़ियम के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। डीजल न मिलने से खासकर डीजल वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने पंप पर वितरण में लापरवाही के आरोप लगाए हैं, जबकि पंप मैनेजर ने सप्लाई आने की बात कही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 May 2026, 5:18 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में उस समय लोगों की परेशानी बढ़ गई जब शहर के रेलवे म्यूज़ियम के सामने स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच वाहन चालक घंटों तक लंबी कतारों में खड़े नजर आए, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को ईंधन नहीं मिल सका। सुबह से ही पंप पर वाहनों की लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई थी, जो दोपहर तक और बढ़ती चली गई। सबसे ज्यादा परेशानी डीजल वाहन चालकों को हुई, क्योंकि कई घंटों तक डीजल उपलब्ध नहीं हो पाया। इस वजह से ट्रांसपोर्ट और कमर्शियल वाहनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

“12 बजे से लाइन में खड़े हैं, फिर भी डीजल नहीं मिला”

पंप पर मौजूद टाटा मैजिक चालक अनमोल ने बताया कि वह दोपहर 12 बजे से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें डीजल नहीं मिल पाया। अनमोल जैसे कई वाहन चालक पंप पर परेशान नजर आए और लगातार अपने वाहनों के साथ खड़े रहे। वाहन चालकों का कहना है कि इतनी गर्मी में लाइन में खड़े रहना बेहद मुश्किल हो गया है, लेकिन मजबूरी में उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है क्योंकि ईंधन के बिना उनका काम रुक जाएगा। कई चालकों ने कहा कि अगर स्थिति ऐसी ही रही तो उनकी रोजी-रोटी पर भी असर पड़ेगा।

गोरखपुर: पारिवारिक विवाद में मारपीट के बाद व्यक्ति की मौत, महुआ टोला में पसरा सन्नाटा

पंप पर वितरण में गड़बड़ी की बात

पंप पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप पर पर्याप्त मात्रा में डीजल मौजूद होने के बावजूद उसका वितरण ठीक से नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पंप संचालक की तरफ से जानबूझकर सप्लाई रोकी जा रही है, जिससे भीड़ और असंतोष दोनों बढ़ रहे हैं। भीड़ बढ़ने के साथ-साथ मौके पर हल्की अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला। कई वाहन चालक अपनी बारी को लेकर आपस में बहस करते नजर आए। हालांकि स्थिति को संभालने के लिए पंप कर्मचारियों को लगातार प्रयास करते देखा गया।

पंप मैनेजर का पक्ष

वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंप के मैनेजर ने सभी आरोपों को लेकर सफाई दी है। उन्होंने बताया कि डीजल की सप्लाई लेकर आने वाली गाड़ी रास्ते में है और जल्द ही पंप पर पहुंच जाएगी। उनके मुताबिक जैसे ही डीजल की नई खेप पहुंचेगी, तुरंत आम लोगों को वितरण शुरू कर दिया जाएगा। मैनेजर ने यह भी कहा कि फिलहाल सप्लाई में देरी के कारण यह स्थिति बनी है, लेकिन जल्द ही समस्या को सामान्य कर लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

गोरखपुर में बड़ा खुलासा, दुष्कर्म केस का इनामी दंपती गिरफ्तार; लंबे समय से था फरार

भीषण गर्मी में लोगों की मुश्किलें बढ़ीं

गोरखपुर में इन दिनों तापमान पहले से ही काफी ऊपर चल रहा है, ऐसे में पेट्रोल पंप पर घंटों लाइन में खड़े रहना लोगों के लिए और भी मुश्किल हो गया है। तेज धूप में खड़े वाहन चालक पानी और छांव की तलाश करते नजर आए, लेकिन भीड़ के कारण सभी को राहत मिलना मुश्किल हो गया।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 May 2026, 5:18 PM IST