हिंदी
महेवा की सपा नेत्री ने एसआई राकेश पटेल पर कार चोरी का आरोप लगाया। सीसीटीवी फुटेज में एसआई कार ले जाते दिखे। बकेवर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, गवाहों और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार चोरी (Img: Google)
Etawah: महेवा कस्बे में सपा नेत्री और किसान यूनियन से जुड़ी सरिता यादव ने महेवा चौकी पर तैनात रहे एसआई राकेश पटेल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि दो माह पहले उनकी कार चोरी हो गई थी और इस मामले में एसआई राकेश पटेल का नाम सामने आया है। वर्तमान में राकेश पटेल कन्नौज के ठठिया थाना में तैनात हैं।
पीड़ित महिला ने बताया कि सात दिसंबर की रात महेवा सीएचसी परिसर में उनकी कार खड़ी थी। सुबह जब वह कार लेने गईं तो गाड़ी गायब मिली। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक कराया, जिसमें एसआई राकेश पटेल को कार का शीशा तोड़ते और उसे ले जाते हुए देखा गया।
इटावा में केदारेश्वर महादेव मंदिर का कार्य पूरा होने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान
महिला ने पहले बकेवर थाना में शिकायत दी लेकिन वहां उन्हें महेवा चौकी में प्रार्थना पत्र देने के लिए कहा गया। इसके बाद उन्होंने मामले की गंभीरता से निपटने के लिए सीओ भरथना को प्रार्थना पत्र दिया। सीओ ने निर्देश दिए कि बकेवर थाना पुलिस एसआई राकेश पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे।
थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने पुष्टि की कि महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, राकेश पटेल महेवा पुलिस चौकी में 2018 में तैनात थे और 2020 में उन्हें कन्नौज के ठठिया थाना में स्थानांतरित कर दिया गया। आरोप के अनुसार, कार चोरी की घटना उस समय हुई, जब वह महेवा में तैनात नहीं थे लेकिन सीसीटीवी फुटेज में उनकी गतिविधियां दर्ज हैं।
Video: इटावा से सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने लोकसभा में घेरा सरकार को, उठाया TET शिक्षकों का मुद्दा
सरिता यादव ने कहा कि इस मामले में उन्हें न्याय की उम्मीद है और उन्होंने एसआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्ती दिखानी चाहिए और उच्च अधिकारी घटनास्थल पर उपलब्ध सबूतों के आधार पर जांच को गंभीरता से लें।
बकेवर पुलिस और महेवा चौकी प्रशासन अब संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, गवाहों और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।