मुजफ्फरनगर में गायों के दुश्मनों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक आरोपी को लगी गोली और 2 साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में साबिर उर्फ सोनू हड्डी घायल होकर गिरफ्तार हुआ। मौके से गोवंश और हथियार बरामद किए गए हैं, जबकि दो आरोपी फरार हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 August 2026, 1:28 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम और आरोपियों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। छपार थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया आरोपी गोकशी की घटनाओं में शामिल रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पॉपलर के बाग में छिपे थे आरोपी

जानकारी के मुताबिक, छपार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि खुड्डा-खोजानगला मार्ग स्थित पॉपलर के बाग में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद आरोपियों ने खुद को घिरा देख भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान साबिर उर्फ सोनू हड्डी नाम का आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दो आरोपी मौके से फरार, तलाश जारी

मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश कर रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

आरोपी के पास से तमंचा और गोकशी के उपकरण बरामद

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक जिंदा गोवंश, गोकशी करने के उपकरण, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  18 August 2026, 1:28 PM IST