
मुठभेड़ के बाद जांच करते पुलिस अफसर (Image: X)
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक, रविवार रात करीब 12 बजे क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और खैरीघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। बताया गया कि नानपारा-खैरीघाट रोड पर वैवाही मार्ग के पास कुछ संदिग्ध मौजूद हैं, जो चोरी का सामान बेचने या किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और इलाके में घेराबंदी कर दी। इसी दौरान दो चारपहिया वाहनों में सवार संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो एक गाड़ी से उतरे आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान संभारी निवासी अरनवा टिकुरी, थाना खैरीघाट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संभारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। मौके से पकड़े गए अन्य आरोपियों की पहचान महेश चौहान और मोहित लाल, निवासी अरनवा टिकुरी, तथा अनिल विश्वकर्मा, निवासी मिहींपुरवा रेलवे क्रॉसिंग, थाना मोतीपुर के रूप में हुई है। हालांकि, दूसरी कार में सवार दो आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें कांबिंग कर रही हैं।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक अर्टिगा कार बरामद की है। इसके अलावा पीली और सफेद धातु के जेवरात और नकदी भी मिली है। पुलिस बरामद सामान के स्रोत और चोरी की घटनाओं से उसके संबंध की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच समेत अन्य जिलों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस जांच के बाद चोरी की अन्य घटनाओं और आरोपियों की भूमिका को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
Location : Bahraich
Published : 19 October 2026, 11:15 AM IST