
चंद्रनाथ रथ मर्डर केस
Ballia : चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में जिस वक्त जांच एजेंसियां राज सिंह को आरोपी मानकर आगे बढ़ रही थीं, उसी दौरान डाइनामाइट न्यूज़ ने सबसे पहले इस केस में कई सवाल खड़े किए थे। चैनल ने एक्सक्लूसिव तरीके से CCTV फुटेज, लोकेशन और परिवार के दावों को सामने लाकर बताया था कि घटना वाले दिन राज सिंह बलिया में मौजूद था। अब कोलकाता कोर्ट और CBI जांच में भी यही बातें सही साबित होती नजर आईं।
रिहाई के बाद राज सिंह गुरुवार को मीडिया के सामने आया और भावुक होकर अपनी आपबीती सुनाई। उसने कहा कि गिरफ्तारी के बाद उस पर काफी दबाव बनाया गया। उसे डर लगने लगा था कि कहीं उसे गोली न मार दी जाए। राज ने साफ कहा कि अगर परिवार ने CCTV फुटेज और दूसरे सबूत नहीं जुटाए होते तो शायद वह आज लोगों के बीच जिंदा नहीं होता।
राज सिंह की बहन दीपशिखा लगातार दावा कर रही थीं कि उनका भाई निर्दोष है। परिवार ने CCTV फुटेज, दस्तावेज और लोकेशन से जुड़े सबूत जांच एजेंसियों को दिए। बाद में इन्हीं सबूतों के आधार पर कोलकाता की अदालत ने माना कि घटना के समय राज बलिया में था। CBI ने भी परिवार के दावों की जांच की और उन्हें सही पाया।
CBI ने पहले बिहार के बक्सर से मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मिले इनपुट पर राज सिंह को पकड़ा गया। हालांकि बाद में जांच के दौरान बलिया के ही राजकुमार सिंह का नाम सामने आया, जिसका चेहरा और हुलिया राज सिंह से काफी मिलता-जुलता बताया गया। इसके बाद पूरे केस की दिशा बदल गई।
राज सिंह ने यह भी कहा कि वह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, पूर्वांचल प्रांत का प्रदेश सचिव है, लेकिन मुश्किल वक्त में संगठन उसके साथ खड़ा नहीं हुआ। उसने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह कभी भी पद से इस्तीफा दे सकता है। वहीं उसकी मां जामवंती ने कहा कि उन्हें रामलला पर पूरा भरोसा था और उसी विश्वास की वजह से उनका बेटा वापस घर लौट पाया।
Location : Ballia
Published : 21 May 2026, 5:55 PM IST