
प्रतीकात्मक छवि
Budaun: बदायूं में वाहन चेकिंग के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार डंपर ने एआरटीओ टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश कर दी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी समय रहते हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र की रहेड़िया पुलिस चौकी के सामने की है। जानकारी के मुताबिक एआरटीओ की टीम सड़क पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे एक डंपर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस द्वारा लगाए गए डिवाइडर को तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर सीधे एआरटीओ की खड़ी गाड़ी की तरफ बढ़ा। हालात को भांपते हुए अधिकारी और कर्मचारी मौके से भागे और किसी तरह अपनी जान बचाई। डंपर में फंसा पुलिस का डिवाइडर काफी दूर तक सड़क पर घिसटता चला गया।
घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला बेहद गंभीर है और चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि जिले में पिछले कुछ समय से ओवरलोड और बिना कागजात चल रहे डंपरों के खिलाफ एआरटीओ विभाग लगातार अभियान चला रहा है। बीते एक महीने में कई वाहनों के चालान किए गए हैं।
अधिकारियों को आशंका है कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर चालक ने यह दुस्साहस किया। वहीं, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि चालक नशे में हो सकता है या वाहन के कागजात अधूरे होने के डर से उसने भागने की कोशिश की।
Location : Budaun
Published : 22 May 2026, 2:27 PM IST