बिजली संकट पर डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं

गैंसड़ी के ग्राम पुरैना में आज जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने खुद मोर्चा संभाला। बिजली की आंख-मिचौली और खराब व्यवस्था को लेकर डीएम ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर क्लास ली।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 May 2026, 8:57 PM IST
Balrampur: गर्मी के मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की लड़खड़ाती व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने अब सीधी मोर्चाबंदी शुरू कर दी है।
क्या है पूरी खबर?
इसी कड़ी में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंगलवार को विकास खंड गैंसड़ी के अंतर्गत ग्राम पुरैना का औचक निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आंधी-तूफान या अन्य किसी भी दैवीय आपदा की स्थिति में बिजली के खंभों या तारों के क्षतिग्रस्त होने का इंतजार न करें, बल्कि ऐसी घटनाओं के तुरंत बाद क्षति का आकलन कर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए।
बिजली कटौती पर लगाम
उन्होंने दो टूक कहा कि जनता को निर्बाध बिजली देना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान डॉ. जैन का मुख्य फोकस तकनीकी खामियों को दूर करने और क्षेत्रीय कर्मचारियों की सक्रियता पर रहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पेट्रोलिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए ताकि फॉल्ट होने से पहले ही उसकी पहचान कर ली जाए और घंटों रहने वाली बिजली कटौती पर लगाम लग सके।
जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी
बिजली के कम वोल्टेज की समस्या पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को केवल बिजली की उपलब्धता ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति भी मिलनी चाहिए। क्षेत्रीय अवर अभियंता और लाइनमैनों की कार्यशैली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यदि किसी कर्मचारी का प्रदर्शन असंतोषजनक पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता सहित बिजली विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा, जिन्हें डीएम ने फीडर स्तर पर मॉनिटरिंग बढ़ाने के कड़े निर्देश जारी किए।

Location :  Balrampur

Published :  12 May 2026, 8:57 PM IST