
परीक्षा की तैयारियों पर डीएम सख्त:
Maharajganj: आगामी 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट 2025 परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
क्या है पूरी खबर?
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जीजीआईसी धनेवा धनेई तथा जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम और परीक्षार्थियों के प्रवेश व जांच स्थलों की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। डीएम ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं गोपनीयता के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। उन्होंने क्लॉक रूम, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त फर्नीचर, साफ-सुथरे शौचालय और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया। साथ ही परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया और प्रवेश व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया।
परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता
कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है, जिसके लिए सभी जिम्मेदार अधिकारियों को सतर्क रहना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को कुल 6 पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 4320 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि कुल 25,920 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, प्राचार्य जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज डॉ. अजय मिश्रा, प्रधानाचार्य जीजीआईसी धनेवा धनेई सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 23 April 2026, 8:04 PM IST