
गौआश्रय स्थल का किया औचक निरीक्षण
महराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ मदनपुरा स्थित अस्थाई गौआश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष और भूसा कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद गोवंशों की संख्या और उनके रखरखाव की स्थिति की जानकारी ली।
खंड विकास अधिकारी मिठौरा राहुल सागर ने बताया कि वर्तमान में गौआश्रय स्थल में 43 गोवंश सुरक्षित रखे गए हैं। इनके लिए 106 कुंतल भूसा, 25 बोरी पशु आहार, 42 बोरी चोकर और 5 बोरी साईलेज उपलब्ध है। इसके अलावा 750 डिसमिल भूमि में हरे चारे की बुवाई भी की गई है। जिससे नियमित रूप से चारे की व्यवस्था बनी रहे।
जिलाधिकारी ने परिसर में गोवंशों के लिए छाया की व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां फलदार वृक्ष लगाए जाएं। जिससे भविष्य में पशुओं को प्राकृतिक छाया मिल सके।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी की सख्त मॉनिटरिंग लाई रंग, महराजगंज पुलिस नंबर-1
इसके साथ ही उन्होंने बरसात के मौसम में जलभराव से बचाव के लिए परिसर में घास लगाने को भी कहा, ताकि जगह साफ-सुथरी और सुरक्षित बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान एक गोवंश के बीमार होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने उसके समुचित इलाज और बेहतर देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पशु की तबीयत खराब होने पर तुरंत इलाज सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी गोवंश की मृत्यु होती है, तो उसका सम्मानजनक और उचित निस्तारण किया जाए। कमजोर गोवंशों को पक्षियों से सुरक्षित रखने के लिए शेड के चारों ओर जाल लगाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने गौआश्रय स्थल में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की, जो सही पाई गई। इसके अलावा सोलर पैनल सहित अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से संचालित मिलें।
उन्होंने गौआश्रय स्थल पर 24 घंटे केयरटेकर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद केयरटेकर द्वारा गोवंशों की देखभाल को संतोषजनक पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान बीडीओ मिठौरा राहुल सागर, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 8 April 2026, 12:19 AM IST