मिर्जापुर में पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया के परिवार में पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद, सगे भाई ने लगाए आरोप

मिर्जापुर में पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया और उनके सगे भाई प्रदीप कुमार चौरसिया के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। भाई ने जबरन निर्माण, कब्जे और धमकी के आरोप लगाए हैं, जबकि पूर्व मंत्री ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष और सत्तापक्ष पर निशाना साधा है। मामले में 2 दिसंबर 2026 को सुनवाई होगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 4:15 PM IST

मिर्जापुर: पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक कैलाश चौरसिया के परिवार में पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामला अब परिवार की चारदीवारी से निकलकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया है। पूर्व मंत्री के सगे भाई प्रदीप कुमार चौरसिया ने उन पर राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने और जबरन निर्माण कराने का आरोप लगाया है। वहीं कैलाश चौरसिया ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए राजनीतिक दबाव का नतीजा करार दिया है। इस विवाद के बीच पूर्व मंत्री ने सत्तापक्ष और भाजपा जिलाध्यक्ष पर भी निशाना साधा है।

43×20 फीट की पुश्तैनी जमीन को लेकर दोनों भाइयों में विवाद

नगर के त्रिमोहानी निवासी प्रदीप कुमार चौरसिया के मुताबिक, रतनगंज मोहल्ले में पैलेस होटल के पीछे स्थित 43 फीट लंबी और 20 फीट चौड़ी पुश्तैनी जमीन में उनका भी पांचवां हिस्सा है। उनका आरोप है कि विवादित जमीन पर नगर मजिस्ट्रेट के रोक संबंधी आदेश के बावजूद निर्माण कराया जा रहा है।

प्रदीप ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि निर्माण का विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने प्रशासन से अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

नगर मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों को किया तलब

जमीन विवाद को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने विवादित संपत्ति को धारा 164 BNSS के तहत कुर्क मानते हुए दोनों पक्षों को 2 दिसंबर 2026 को संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का आदेश दिया है। अब इस मामले में दोनों पक्षों को अपने-अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

पूर्व मंत्री का पलटवार, आरोपों को बताया बेबुनियाद

अपने ऊपर लगे आरोपों पर पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी पर भी आरोप लगा सकता है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और कानूनी प्रक्रिया के तहत इसका निस्तारण होना चाहिए।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष के जिलाध्यक्ष के दबाव में पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "यह लोग गणेश जी को दूध पिलाने वाले हैं, ऐसे लोग किसी भी हद तक जा सकते हैं।"

वायरल ऑडियो को लेकर भी चर्चाएं तेज

जमीन विवाद के बीच सोशल मीडिया पर एक कथित वॉयस रिकॉर्डिंग वायरल होने का दावा किया जा रहा है। इसमें कथित तौर पर पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया भाजपा जिलाध्यक्ष से बैठकर आपसी समझौता कराने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।

हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इसकी सत्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। लेकिन रिकॉर्डिंग को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पूर्व मंत्री ने भाजपा जिलाध्यक्ष से समझौता कराने की बात क्यों कही? फिलहाल इन चर्चाओं पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

भाई ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

प्रदीप कुमार चौरसिया ने पुश्तैनी जमीन के विवाद में जिला प्रशासन के साथ मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि पूर्व मंत्री अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर जमीन पर अपना आधिपत्य स्थापित करना चाहते हैं।

दूसरी तरफ पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया ने भी मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा और भाजपा जिलाध्यक्ष के कथित हस्तक्षेप को लेकर सत्तापक्ष पर निशाना साधा।

फिलहाल पुश्तैनी जमीन का यह विवाद कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी निगाहें 2 दिसंबर 2026 को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां दोनों पक्षों के दस्तावेजों और दावों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Mirzapur

Published :  24 November 2026, 4:15 PM IST