
पुलिस ने किया खुलासा (Image: Dynamite News)
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह ने 15 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 के बीच एक व्यक्ति को लगातार 9 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। साइबर अपराधियों ने पीड़ित को फोन करके बताया कि उसका मोबाइल सिम आतंकियों के पास कश्मीर में मिला है। इतना ही नहीं, उसे यह भी बताया गया कि उसके एचडीएफसी बैंक खाते से 70 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है।
आरोपियों ने खुद को एटीएस और एनआईए का अधिकारी बताकर पीड़ित पर दबाव बनाया। डर को और बढ़ाने के लिए व्हाट्सएप पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट और सरकारी नोटिस भी भेजे गए। पीड़ित को गिरफ्तारी और आजीवन कारावास की धमकी दी गई। लगातार मानसिक दबाव और कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़ित आरोपियों के जाल में फंस गया। इसके बाद उससे कुल 20 लाख 94 हजार 900 रुपये की ठगी कर ली गई।
ठगी की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना मुजफ्फरनगर ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी में इस्तेमाल किए गए ज्यादातर सिमकार्ड अमरोहा से जारी हुए थे, जबकि संबंधित व्हाट्सएप अकाउंट कंबोडिया से संचालित किए जा रहे थे।
पुलिस की जांच में अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के कुल 3648 यूनिक सिमकार्ड सामने आए। इनमें वीआई कंपनी के 2550, एयरटेल के 1035 और जियो के 63 सिमकार्ड शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में सिमकार्ड का इस्तेमाल सामने आने के बाद पुलिस को इस नेटवर्क के व्यापक स्तर पर सक्रिय होने का पता चला।
पुलिस जांच में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी गरीब और भोले-भाले लोगों को राशन, बीमा, सरकारी योजनाओं और एनजीओ के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देते थे। इस बहाने उनकी केवाईसी कराई जाती थी और उनकी पहचान पर सिमकार्ड जारी करा लिए जाते थे।
मुजफ्फरनगर से चल रहा था डिजिटल अरेस्ट का खेल (Image: Dynamite News)
इसके बाद इन सिमकार्ड को दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था। इन सिमकार्ड पर आने वाले ओटीपी साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ओटीपी की खरीद-फरोख्त होती थी। एक व्हाट्सएप ओटीपी के बदले 150 से 300 रुपये तक लिए जाते थे। इस तरह आम लोगों की पहचान का इस्तेमाल करके साइबर ठगी के लिए जरूरी डिजिटल संसाधन जुटाए जा रहे थे।
इस नेटवर्क का इस्तेमाल सिर्फ डिजिटल अरेस्ट तक सीमित नहीं था। इसके जरिए ऑनलाइन गेमिंग, निवेश के नाम पर ठगी और हनीट्रैप जैसे साइबर अपराधों को भी अंजाम दिया जा रहा था।
जांच में ई-कॉमर्स कंपनियों को निशाना बनाने का एक नया तरीका भी सामने आया है। आरोपी अमेजन, फ्लिपकार्ट और मिंत्रा जैसी शॉपिंग वेबसाइटों के साथ-साथ ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं को भी निशाना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक, ऑर्डर कैंसिल कराने और रिफंड दिलाने के नाम पर भी ठगी की जा रही थी। इससे साफ हुआ कि गिरोह अलग-अलग तरीकों से ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इस मामले में अमरोहा निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान अंकुश सैनी निवासी मुकिमपुरा, अक्षय कुमार अग्रवाल निवासी जयओम नगर और अब्दुल मलिक निवासी नियारियान, अमरोहा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार सिमकार्ड बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध सुभाषचंद और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
Location : Muzaffarnagar
Published : 20 November 2026, 3:22 PM IST
Topics : Cambodia Cyber Fraud Cyber Fraud Network cyber crime Digital Arrest Scam muzaffarnagar news