“सिंगापुर जाकर बदलना चाहता था जिंदगी”, 8 लाख का कर्ज… नहीं मिला वीजा तो दिल्ली में युवक ने उठाया दर्दनाक कदम

सिंगापुर जाकर परिवार की जिंदगी बदलने का सपना देख रहे देवरिया के युवक की दिल्ली में मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, उसने विदेश भेजने के नाम पर एक एजेंट को 8 लाख रुपये दिए थे, जिसके लिए कर्ज लिया गया था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 September 2026, 11:18 AM IST

Deoria: विदेश जाकर बेहतर कमाई और परिवार का भविष्य संवारने का सपना लेकर देवरिया का 23 वर्षीय रोहित कुमार दिल्ली आया था। सिंगापुर जाने के लिए उसने कथित तौर पर 8 लाख रुपये का कर्ज लिया और यह रकम एक एजेंट को दी थी। परिवार का आरोप है कि न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही रकम वापस मिली। इसी बीच कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ता गया। शनिवार को शालीमार बाग इलाके में रोहित की मौत हो गई।

विदेश जाने की उम्मीद में लिया था 8 लाख का कर्ज

पुलिस के अनुसार, रोहित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया का रहने वाला था। परिवार में उसकी पत्नी सपना देवी और तीन महीने की बेटी है। परिजनों के मुताबिक, रोहित विदेश जाकर नौकरी करना चाहता था और इसी उम्मीद में उसने गांव के एक एजेंट से संपर्क किया था।

ये भी पढ़ें- Pratapgarh: नन्ही जान ने जैसे ही दुनिया में ली पहली सांस, बुझ गई मां की आंखें; बिना ममता के रह गई नवजात

परिवार का दावा है कि सिंगापुर भेजने के नाम पर एजेंट को करीब 8 लाख रुपये दिए गए थे। इसके लिए रोहित ने कर्ज लिया था। परिजनों का आरोप है कि समय बीतने के बावजूद न तो वीजा मिला और न ही एजेंट ने रकम लौटाई।

कर्ज चुकाने का बढ़ता गया दबाव

परिवार के मुताबिक, विदेश जाने का सपना पूरा नहीं हुआ, लेकिन कर्ज की चिंता लगातार बढ़ती गई। कथित तौर पर रकम लौटाने और कर्ज चुकाने का दबाव रोहित पर था। बताया गया कि रोहित 10 सितंबर को दिल्ली के हैदरपुर इलाके में स्थित अपनी ससुराल आया था। शनिवार को वह कमरे में मृत मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके ससुर हरेंद्र उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की बात सामने आई है। इसलिए पुलिस परिजनों के बयानों के साथ दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

पत्नी और तीन महीने की बेटी पीछे छूट गई

रोहित की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके पीछे पत्नी और महज तीन महीने की बेटी है। लेकिन जिस कर्ज के सहारे उसने विदेश जाने का रास्ता तलाशा था, वही कथित तौर पर उसके लिए बड़ी परेशानी बन गया।

ये भी पढ़ें- शोभायात्रा में झूम रही थी महिला, तभी जनरेटर जनरेटर में फंस गए खुले बाल… फिर जो हुआ उसे सुनकार कांप जाएगी रूह

एजेंट की भूमिका भी जांच के घेरे में

पुलिस अब एजेंट से जुड़े लेनदेन और दस्तावेजों की जानकारी जुटा सकती है। जांच में यह देखा जाएगा कि रोहित ने रकम कब और किस तरीके से दी थी। विदेश भेजने के नाम पर हुए इस कथित लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी जांच का हिस्सा बन सकते हैं। पोस्टमार्टम के बाद रोहित का शव उसके पिता राम गुलाम राजभर को सौंप दिया गया। अब परिवार की नजर पुलिस की जांच पर है।

Location :  Deoria

Published :  21 September 2026, 11:18 AM IST