रोड नंबर-13 से लेकर मुख्य गेट तक बदलेगी तस्वीर, जानिए उसरा बाजार की इन नई परियोजनाओं के पीछे का सच

देवरिया के औद्योगिक क्षेत्र उसरा बाजार में सड़क, नाली, पार्क और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने 18 मीटर चौड़ी सड़क और आधुनिक शौचालय सहित कई विकास कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए हैं।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 4 November 2026, 7:49 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के औद्योगिक क्षेत्र उसरा बाजार में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने क्षेत्र में सड़क, नाली, जल निकासी और पार्कों के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। इन योजनाओं के अमल में आने से यहां काम करने वाले उद्यमियों और श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

रोड संख्या-13 पर बनेगी नाली

डीएम के निर्देश पर औद्योगिक क्षेत्र की रोड संख्या-13 पर नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा यहां काम करने वाले श्रमिकों और उद्यमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शौचालय बनाया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र के पार्कों का भी सुंदरीकरण और विकास कराया जाएगा, जिससे वहां की व्यवस्था बेहतर हो सके।

ये भी पढ़े: देवरिया में सड़क पर निकले तो सावधान! पुलिस ने चलाया ऐसा अभियान कि 156 वाहनों के कटे चालान; दो गाड़ियां भी हुईं सीज

उसरा बाजार औद्योगिक क्षेत्र (Img: Dynamite News)

जलभराव से मिलेगी राहत

औद्योगिक क्षेत्र उसरा बाजार में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए पुराने नालों की जगह बड़े और आधुनिक नालों के निर्माण की योजना बनाई गई है। बेहतर जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए इन नालों को मुख्य नाले से जोड़ा जाएगा। इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी में आने वाली दिक्कतों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुख्य गेट से सी-01 और सी-02 तक बनेगी 18 मीटर चौड़ी सड़क

औद्योगिक क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए मुख्य गेट से भूखंड संख्या सी-01 और सी-02 तक 18 मीटर चौड़ी आंतरिक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क के साथ नाली भी बनाई जाएगी, ताकि आवागमन और जल निकासी की व्यवस्था को एक साथ बेहतर किया जा सके।

ये भी पढ़े: Deoria: बिहार से आकर देवरिया में करता था बाइक चोरी! आरोपी के पास मिलीं 5 मोटरसाइकिलें

देवरिया के उसरा बाजार औद्योगिक क्षेत्र में सड़क (Img: Dynamite News)

अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, गोरखपुर और वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल), जगदीशपुर, अमेठी को विकास कार्यों पर जल्द कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में उपायुक्त उद्योग, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा और वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) ने औद्योगिक क्षेत्र उसरा बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और जरूरी कार्रवाई कराने पर सहमति जताई। प्रशासन की इस पहल से औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से अपेक्षित सड़क, नाली, पार्क और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास की उम्मीद बढ़ी है।

Location :  Deoria

Published :  4 November 2026, 7:49 PM IST