
समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
Deoria: देवरिया में सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए बाइक को ठेले पर रखकर जुलूस निकाला। इस प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जुट गए।
सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी की कमर टूट चुकी है और पेट्रोल-डीजल के दामों ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर सीधे आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर चीज महंगी होती जा रही है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
बिजली विभाग की लापरवाही ने ली किसान की जान… अमेठी में दर्दनाक हादसे से हड़कंप
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के मुद्दे को भी जोर-शोर से उठाया। नेताओं का कहना था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से लाखों छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पेपर लीक में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि अगर युवाओं के भविष्य और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं हुई, तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष व्यास यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था देने के बजाय सरकार सिर्फ दावे कर रही है।
उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। साथ ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है। प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन भी सौंपा।
Location : Deoria
Published : 18 May 2026, 4:05 PM IST