देवरिया में खुले ट्रांसफार्मर की चपेट में आया युवक, मौत के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

देवरिया के सालेमपुर में सड़क किनारे खुले ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से करीब 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय युवक नशे में था। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए खुले ट्रांसफार्मरों पर सवाल उठाए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 September 2026, 8:34 AM IST

Deoria: सालेमपुर थाना क्षेत्र के सोहनाग मोड़ के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में करीब 35 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में सड़क किनारे से गुजर रहा था। इसी दौरान वह खुले में रखे ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

सड़क किनारे गुजरते समय ट्रांसफार्मर की चपेट में आया युवक

घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक नशे की हालत में सड़क किनारे से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क के किनारे खुले में लगे ट्रांसफार्मर की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया।

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह युवक को वहां से हटाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

अभी नहीं हो सकी मृतक की पहचान

घटना की सूचना मिलते ही सलेमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, ताकि उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी जा सके।

पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में युवक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है।

फ्लाइट का पहिया थमा तो सहम गए मुसाफिर: रनवे पर दौड़ रही ब्रिटिश एयरवेज की BA135 अचानक रुकी, मुंबई का सफर अटका

खुले ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे के बाद सड़क किनारे खुले में रखे ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगह ट्रांसफार्मरों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा घेरा नहीं बनाया गया है। ऐसे में राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए करंट का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर के चारों तरफ मजबूत सुरक्षा घेरा बना होता तो हादसे का खतरा कम किया जा सकता था। उन्होंने बिजली विभाग से सड़क किनारे खुले ट्रांसफार्मरों की जांच कराकर तत्काल सुरक्षा घेरा लगाने की मांग की है।

हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

एक ओर युवक के नशे की हालत में होने की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर खुले ट्रांसफार्मर की स्थिति ने बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि ऐसे स्थानों को चिन्हित कर ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Deoria

Published :  12 September 2026, 8:34 AM IST