
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: जनपद के सलेमपुर कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने एक बार फिर दुस्साहस का परिचय दिया है। पुलिस पिकेट से महज कुछ ही कदम की दूरी पर स्थित एक मोबाइल की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने शटर को रॉड से तिरछा कर दिया और दुकान के भीतर से एक लाख रुपये से अधिक का कीमती सामान चुरा ले गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष और दहशत का माहौल है।
यह पूरी घटना सलेमपुर कस्बे के पंडित रामप्रसाद बिस्मिल मार्ग पर स्थित अल्फा गली की है। मंगलवार की देर रात चोरों ने इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के धरमपुर वार्ड नंबर-3 के रहने वाले दीनदयाल वर्मा की इस गली में मोबाइल की दुकान है। रोज की तरह वे अपनी दुकान बंद कर घर गए थे, लेकिन चोरों ने उनकी मेहनत की कमाई पर सेंध लगा दी।
मामूली विवाद में दबंगों ने परिवार को लाठी-डंडों से पीटा, युवतियों से छेड़खानी का आरोप
चोरी की इस सनसनीखेज घटना की जानकारी दुकान स्वामी दीनदयाल वर्मा को तब हुई, जब सुबह के वक्त आसपास टहल रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर टूटे हुए शटर पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर सामान बिखरा हुआ था और कीमती सामान गायब था।
दुकान के भीतर गहन जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दुकान को बुरी तरह खंगाल डाला है। चोर दुकान से एंड्रायड मोबाइल, कीपैड मोबाइल, महंगे मोबाइलों के स्पेयर पार्ट्स और ब्लूटूथ ईयरफोन समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। शुरुआती आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही सलेमपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। शुरुआती सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक हाथ में रॉड लिए हुए नजर आ रहे हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
Location : Deoria
Published : 29 July 2026, 8:26 AM IST